महराजगंज के घुघुली में गाँधी चबूतरे का हुआ शिलान्यास

प्रेस नोट
युवा हल्ला बोल, महराजगंज
30 जनवरी 2022

महराजगंज के घुघुली में गाँधी चबूतरे का हुआ शिलान्यास

• गाँधी से आज हमें संवाद की संस्कृति सीखने की ज़रूरत: अनुपम

• गाँधी जी ने सिखाया कि बड़ी से बड़ी ताकत को नैतिक बल और सिद्धांतों से हराया जा सकता है

महात्मा गाँधी की पुण्यतिथि पर महराजगंज जिले में घुघुली स्टेशन के पास बरगद वृक्ष के नीचे ‘युवा हल्ला बोल’ ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया जहाँ गाँधी जी की प्रतिमा और चबूतरे का शिलान्यास किया गया। ज्ञात हो कि 4 अक्टूबर 1929 को इसी स्थल पर महात्मा गाँधी ने सभा को संबोधित किया था।

इस मौके पर ‘युवा हल्ला बोल’ के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुपम बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। देश भर में बेरोज़गारी को अहम मुद्दा बनाने वाले युवा नेता अनुपम ने कहा कि इस ऐतिहासिक स्थल पर आज सभा को संबोधित करना सौभाग्य की बात है। गाँधी जी के विचारों को आज के दौर में भी प्रासंगिक बताते हुए अनुपम ने बहुत कुछ सीखने की बात कही। उन्होंने कहा कि आज उसी संवाद की संस्कृति को पुनर्जीवित करने की आवश्यकता है जो गाँधी जी ने अपनाया था जब वो अपने कट्टर से कट्टर विरोधियों से भी कभी सम्मानजनक संवाद से नहीं भागे। गाँधी ने भारत ही नहीं, पूरे विश्व को आंदोलन करना सिखाया और बड़ी से बड़ी ताकवर सत्ता को नैतिक बल पर जीतने का आत्मबल दिया। उन्हीं से प्रेरणा लेकर अमरीका में मार्टिन लूदर किंग जूनियर का सिविल राइट्स मूवमेंट हुआ, अफ्रीका में नेल्सन मंडेला का एंटी अपरथाइड मूवमेंट हुआ या दलाई लामा का चीन विरोधी आंदोलन हुआ। अनुपम ने बताया कि गाँधी ने दुनिया को लड़ना सिखाया और आज भी हर बड़ी लड़ाई उन्हें याद किए बिना नहीं जीती जाती।

इनके अलावा एसडीएम मदन मोहन वर्मा ने भी कार्यक्रम में शिरकत करके सभा में आए लोगों को गाँधी जी की आत्मकथा पुस्तक भेंट की। उन्होंने महात्मा गाँधी के जीवन के कई प्रसंग साझा करते हुए स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर हमारे समाज तक पर गाँधी जी के छाप के बारे में बताया। उन्होंने ‘युवा हल्ला बोल’ को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताया कि आने वाली पीढ़ी गाँधी के विचारों से दूर नहीं जाएगी।

सिटीजन फोरम के आर.के.मिश्रा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि गाँधी जी ने एक सामान्य नागरिक से महात्मा बनने की प्रक्रिया में बहुत त्याग तपस्या और संघर्ष किया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम को संबोधित करने वालों में ‘युवा हल्ला बोल’ के कार्यकारी अध्यक्ष गोविंद मिश्रा ने कहा कि महात्मा गाँधी यदि आज होते तो देश में चल रहे युवा आंदोलन के साथ होते। संगठन के जिलाध्यक्ष अशफ़ाक़ खान ने सुंदरता के साथ पूरे कार्यक्रम का संचालन किया।

इनके अलावा समाजसेवी विमल पांडेय, दिलीप शुक्ला, शांति शरण मिश्र, ग्राम प्रधान रविन्द्र चौधरी तथा ‘युवा हल्ला बोल’ महासचिव प्रशांत कमल, सचिव अमित प्रकाश, वरुण त्रिपाठी, रफीक, अरुण, अभय, विजय, भानु समेत कई लोग कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

सम्पर्क : 9838178777

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *